उत्तराखंड की 5.23 लाख महिलाओं को मिलेगा आर्थिक संबल, दिसंबर में खातों में आएंगे 10-10 हजार रुपये
देहरादून। उत्तराखंड की ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए धामी सरकार नई पहल करने जा रही है। सरकार जल्द ही ‘बैणी-भुली योजना’ शुरू करेगी। इसके तहत दिसंबर में पात्र महिलाओं के बैंक खातों में पहली किस्त के रूप में 10-10 हजार रुपये की धनराशि सीधे ट्रांसफर की जाएगी। योजना के अंतर्गत प्रत्येक लाभार्थी को कुल 20 हजार रुपये दो किस्तों में दिए जाने का प्रस्ताव है।
यमुना कॉलोनी स्थित शासकीय आवास पर सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में ग्राम्य विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी ने योजना की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि प्रदेश की करीब 5.23 लाख महिलाओं को इस योजना से लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। योजना का लाभ ग्रामीण क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी पात्र महिलाओं को मिलेगा। पहली किस्त के लिए सरकार लगभग 523 करोड़ रुपये खर्च करेगी।
मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की महिलाएं लंबे समय से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। कृषि, पशुपालन, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों के निर्माण जैसे क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। बैणी-भुली योजना के माध्यम से उन्हें आर्थिक सहायता देकर स्वरोजगार और आजीविका के नए अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ग्राम्य विकास विभाग पहले से ही महिलाओं को लखपति दीदी बनाने, स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग एवं मार्केटिंग और महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए कई कार्यक्रम संचालित कर रहा है। नई योजना इन प्रयासों को और मजबूती देगी। शहरी महिलाओं को भी इस तरह की योजना से जोड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार उनके लिए भी जल्द अलग योजना लाने की दिशा में काम कर रही है।
दूसरी किस्त के लिए अगली सरकार पर रहेगी जिम्मेदारी
योजना के तहत मिलने वाली कुल 20 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दो चरणों में दी जाएगी। दिसंबर में पहली किस्त के रूप में 10 हजार रुपये जारी किए जाने की तैयारी है, जबकि शेष 10 हजार रुपये दूसरी किस्त के रूप में दिए जाएंगे। ऐसे में दूसरी किस्त का भुगतान आगामी सरकार के कार्यकाल में होने की संभावना है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव और संभावित आचार संहिता को देखते हुए इस योजना की दूसरी किस्त को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।
महिला सशक्तीकरण पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि महिलाओं का सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उनका लक्ष्य है कि प्रदेश की बेटियों और महिलाओं को शिक्षा, रोजगार तथा आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें।
इसके अलावा सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कर्मियों, भोजनमाताओं और शिक्षा विभाग के अतिथि शिक्षकों के मानदेय में भी वृद्धि करने जा रही है। मुख्यमंत्री ने दिसंबर से बढ़ा हुआ मानदेय देने की घोषणा की है। इन वर्गों से जुड़े करीब 75 हजार लोगों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।
बैणी-भुली योजना को ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ाने और उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


