जौलीग्रांट के सरकारी स्कूल में बच्चों को बांटे ऊनी कपड़े और चॉकलेट, पढ़ाई के साथ खेलों के लिए भी किया प्रेरित
डोईवाला। सामाजिक सरोकार की भावना को आगे बढ़ाते हुए पीएम श्री राजकीय प्राथमिक विद्यालय जौलीग्रांट-2 में विद्यार्थियों के लिए एक विशेष पहल की गई। इस दौरान चार्टर्ड अकाउंटेंट अजय कश्यप की पत्नी रुचि कश्यप ने विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं और भोजनमाताओं को ऊनी वस्त्र एवं चॉकलेट वितरित कीं।
इस पहल से विद्यालय में बच्चों के चेहरे खिल उठे। रुचि कश्यप ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी भाग लेना जरूरी है। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से जरूरतमंद बच्चों के प्रति सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। स्थानीय स्तर पर इस तरह की पहल को शिक्षा और समाज के बीच सकारात्मक जुड़ाव के रूप में देखा जा रहा है।


