डोईवाला में 32 दिव्यांग बच्चों का हुआ परीक्षण, 22 को मिलेंगे सहायता उपकरण

खबर शेयर करें -

डोईवाला। विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी जरूरतों के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में डोईवाला में एक विशेष पहल की गई। सोमवार को विकासखंड स्तर पर सहायता उपकरण परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। इसमें 32 दिव्यांग बच्चों ने हिस्सा लिया, जिनमें से 22 बच्चों को विभिन्न सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए चयनित किया गया।

शिविर में एलिम्को कानपुर से पहुंची विशेषज्ञों की टीम ने बच्चों की शारीरिक आवश्यकताओं का आकलन किया। परीक्षण के दौरान प्रत्येक बच्चे की जरूरत को ध्यान में रखते हुए उपकरणों के लिए पात्रता निर्धारित की गई, ताकि उन्हें उपयोगी और जरूरत के मुताबिक सहायता मिल सके।

कार्यक्रम का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी हेमलता गौड़, जिला समन्वयक श्वेता उनियाल और सपना नेगी ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनकी व्यक्तिगत जरूरतों के अनुरूप सहायता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

शिविर के सफल संचालन में कई लोगों ने सहयोग दिया। कार्यक्रम का संचालन राजेश डोभाल ने किया। वहीं, रश्मि बहुगुणा, अनिल शाह, किरन, महेंद्र सिंह रावत, सोनिया और अंकुश काण्डपाल ने आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Ad