उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन को मिल रही आधुनिक तकनीक की मजबूती, 2.69 लाख लोगों को दिया गया प्रशिक्षण
देहरादून। प्राकृतिक आपदाओं की दृष्टि से संवेदनशील उत्तराखंड में आपदा से निपटने की तैयारियों को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को आधुनिक तकनीक, बेहतर संसाधनों और जनभागीदारी से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके तहत चेतावनी प्रणाली को मजबूत करने से लेकर स्थानीय स्तर पर लोगों को प्रशिक्षित करने तक कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
प्रदेश में आपदा प्रबंधन की संस्थागत व्यवस्था को मजबूत करने की शुरुआत वर्ष 2007 में राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के गठन के साथ हुई थी। इसके बाद वर्ष 2014 में राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) का गठन किया गया। वहीं, वर्ष 2025 में आपदा प्रतिक्रिया प्रणाली (आईआरएस) का विस्तार राज्य स्तर से लेकर तहसील स्तर तक किया गया, जिससे आपात परिस्थितियों में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सके।
आधुनिक उपकरणों से मिलेगी आपदा की पूर्व सूचना
आपदा के खतरे को समय रहते पहचानने और प्रभावित क्षेत्रों तक सूचना पहुंचाने के लिए प्रदेश में तकनीकी नेटवर्क का विस्तार किया गया है। राज्य में 434 से अधिक सैटेलाइट फोन और 525 हाइड्रो-मौसमी सेंसर स्थापित किए गए हैं। इनके माध्यम से मौसम और जल संबंधी परिस्थितियों पर निगरानी रखने में मदद मिल रही है।
इसके अलावा भूदेव और सचेत एप के साथ सेल ब्रॉडकास्ट प्रणाली को भी चेतावनी प्रसारित करने के लिए उपयोग में लाया जा रहा है। इससे संभावित खतरे की जानकारी समय रहते लोगों तक पहुंचाने और उन्हें सतर्क करने में सहायता मिलेगी।
ढाई लाख से अधिक लोगों को मिला आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण
आपदा के दौरान राहत और बचाव कार्यों को प्रभावी बनाने के लिए सरकार की ओर से प्रशिक्षण कार्यक्रमों का भी व्यापक स्तर पर संचालन किया जा रहा है। वर्ष 2020-21 से 2025-26 के बीच प्रदेश में कुल 2,339 प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 2,69,038 लोगों को प्रशिक्षित किया गया।
वहीं, वित्तीय वर्ष 2025-26 में ही 972 प्रशिक्षण कार्यक्रमों के जरिए 1,19,497 लोगों को प्रशिक्षण दिया गया। इसका उद्देश्य आपदा की स्थिति में स्थानीय स्तर पर त्वरित प्रतिक्रिया और राहत कार्यों की क्षमता विकसित करना है।
वसुधारा ताल में स्थापित हुई सेंसर आधारित चेतावनी प्रणाली
हिमालयी क्षेत्रों में ग्लेशियल झीलों से उत्पन्न संभावित खतरों को देखते हुए भी विशेष पहल की गई है। चमोली क्षेत्र की वसुधारा ताल में सेंसर आधारित ग्लेशियल लेक अर्ली वार्निंग सिस्टम स्थापित किया गया है। यह प्रणाली झील से जुड़े संभावित खतरों की निगरानी और समय रहते चेतावनी देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
सरकार की इन पहलों का उद्देश्य उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन को केवल राहत और बचाव तक सीमित न रखते हुए पूर्व तैयारी, समयबद्ध चेतावनी और जनसुरक्षा पर आधारित मजबूत व्यवस्था के रूप में विकसित करना है।


