अर्द्धकुंभ 2027 में सुरक्षा का बड़ा इंतजाम, चार राज्यों से मांगी गई पुलिस फोर्स; 21 करोड़ श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान

खबर शेयर करें -

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में जनवरी 2027 से शुरू होने जा रहे अर्द्धकुंभ को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार मेले में 15 से 21 करोड़ तक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है। संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए उत्तराखंड पुलिस ने चार पड़ोसी राज्यों से अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की है।

इसके तहत उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश को पुलिस फोर्स उपलब्ध कराने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। इन राज्यों से नागरिक पुलिस के साथ यातायात पुलिस, अग्निशमन, खुफिया विभाग और पीएसी की टुकड़ियां भी मांगी गई हैं। बाहरी राज्यों से मिलने वाला पुलिस बल मेला क्षेत्र में सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालेगा।

उत्तर प्रदेश से सबसे अधिक फोर्स की मांग

पुलिस विभाग ने उत्तर प्रदेश से सबसे बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की मांग की है। प्रस्ताव के अनुसार वहां से नागरिक पुलिस के 2,195 जवान, ट्रैफिक पुलिस के 330, अग्निशमन विभाग के 187 और खुफिया विभाग के 200 कर्मियों की जरूरत बताई गई है। इसके अलावा पीएसी की 48 कंपनियां मांगी गई हैं। इनमें 45 पुरुष, दो महिला और एक फ्लड कंपनी शामिल है।

हरियाणा से 12 पीएसी कंपनियों की मांग

हरियाणा से नागरिक पुलिस के 1,105 जवानों के साथ ट्रैफिक पुलिस के 65, अग्निशमन विभाग के 100 और खुफिया विभाग के 45 कर्मियों की मांग भेजी गई है। इसके अतिरिक्त पीएसी की 12 कंपनियां उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है।

दिल्ली और हिमाचल से भी मांगा जाएगा सहयोग

दिल्ली से नागरिक पुलिस के 55 जवान, ट्रैफिक पुलिस के 65, अग्निशमन विभाग के 58 और खुफिया विभाग के 18 कर्मियों की मांग की गई है।

वहीं, हिमाचल प्रदेश से नागरिक पुलिस के 555 जवान, ट्रैफिक पुलिस के 65, अग्निशमन विभाग के 36 और खुफिया विभाग के 18 कर्मियों के साथ पीएसी की 12 कंपनियां मांगी गई हैं।

भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा पर रहेगा फोकस

अर्द्धकुंभ में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस व्यवस्था को कई स्तरों पर मजबूत करने की तैयारी है। अतिरिक्त बल मिलने से घाटों, प्रमुख स्नान स्थलों, मेला क्षेत्र और यातायात मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था संभालने में मदद मिलेगी। प्रशासन का प्रयास है कि इतने बड़े धार्मिक आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारू रहे और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

Ad