कुंभ 2027 में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ का अनुमान, डेढ़ गुना बढ़ेगी पुलिस फोर्स

खबर शेयर करें -

वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले कुंभ मेले को लेकर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। पिछले कुंभ की तुलना में इस बार श्रद्धालुओं की संख्या में बड़े इजाफे की संभावना जताई जा रही है। वर्ष 2010 में आयोजित कुंभ के दौरान करीब 4.35 करोड़ श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान किया था, जबकि आगामी कुंभ में 15 से 21 करोड़ तक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है।

श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए मेला क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती भी बढ़ाई जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पिछले इंतजामों के मुकाबले करीब डेढ़ गुना अधिक पुलिस फोर्स तैनात करने की योजना है। इसके तहत नागरिक पुलिस के 6393 निरीक्षक, उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षी और आरक्षियों की आवश्यकता का प्रारंभिक आकलन किया गया है।

इसके अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था में पीएसी की 54 कंपनियां और पीएसी महिला की तीन कंपनियां भी शामिल रहेंगी। वहीं, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की 100 कंपनियों की तैनाती प्रस्तावित है। भीड़ नियंत्रण और अन्य व्यवस्थाओं में सहयोग के लिए होमगार्ड तथा पीआरडी के 4000 जवान भी जिम्मेदारी संभालेंगे।

कुंभ में देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और यात्रियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा बलों की उपलब्धता, तैनाती और व्यवस्थाओं को लेकर पहले से ही व्यापक तैयारी की जा रही है।

Ad