उत्तराखंड में मौसम का बदला मिजाज, दिन में धूप तो सुबह-शाम बढ़ रही ठंड

खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है। प्रदेश में दिन के समय धूप निकलने से लोगों को राहत मिल रही है, लेकिन सुबह और शाम के वक्त ठंड का असर बढ़ने लगा है। तापमान में उतार-चढ़ाव के साथ पर्वतीय क्षेत्रों की घाटियों में कोहरा और धुंध भी देखने को मिल रही है।

बुधवार सुबह बागेश्वर में कोहरे की चादर छाई रही। मौसम के पूर्वानुमान के मुताबिक यहां अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। वहीं, देहरादून और आसपास के इलाकों में मंगलवार को दिनभर धूप खिली रही। हालांकि सुबह के समय कुछ स्थानों पर हल्की धुंध और कोहरा नजर आया।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में फिलहाल बारिश की संभावना कम है और अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क बना रह सकता है। पर्वतीय जिलों की घाटियों में सुबह के समय हल्का कोहरा छाने की संभावना है। इसके साथ ही सुबह और शाम के तापमान में गिरावट आने से ठंड का अहसास और बढ़ सकता है।

राजधानी देहरादून में भी दिन और रात के तापमान में अंतर देखने को मिल रहा है। दिन में तेज धूप के कारण मौसम सुहावना बना हुआ है, जबकि सूर्यास्त के बाद तापमान तेजी से नीचे आने से ठिठुरन महसूस होने लगी है। आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट के संकेत हैं।

Ad