रुड़की के सरठेड़ी गांव में खूंखार कुत्ते का आतंक, बच्चों समेत 40 लोगों को काटा; दहशत में ग्रामीण

खबर शेयर करें -

रुड़की। उत्तराखंड के रुड़की क्षेत्र में एक आक्रामक कुत्ते ने पूरे गांव में दहशत फैला दी। भगवानपुर थाना क्षेत्र के सरठेड़ी गांव में गुरुवार सुबह कुत्ते ने अचानक राह चलते लोगों पर हमला करना शुरू कर दिया। इस दौरान बच्चों समेत करीब 40 लोग उसके हमले में घायल हो गए। एक के बाद एक लोगों को निशाना बनाए जाने से गांव में अफरातफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, चुड़ियाला के समीप स्थित सरठेड़ी गांव में सुबह लोग अपने रोजमर्रा के कामों के लिए घरों से निकल रहे थे। इसी दौरान एक कुत्ता अचानक आक्रामक हो गया और रास्ते से गुजर रहे लोगों को काटने लगा। कुत्ते के हमले में कई लोग घायल हुए, जिनमें बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया।

हमले के डर से घरों में कैद हुए लोग

कुत्ते के लगातार हमलों से परेशान ग्रामीणों ने खुद को सुरक्षित रखने के लिए घरों के दरवाजे बंद कर लिए। आमतौर पर लोगों की आवाजाही से गुलजार रहने वाली गांव की गलियों में सन्नाटा छा गया। बच्चों को लेकर परिजनों की चिंता भी बढ़ गई। अचानक हुई इस घटना से गांव में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा।

घायलों को अस्पतालों में कराया भर्ती

कुत्ते के हमले में घायल लोगों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल रुड़की, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भगवानपुर और आसपास के निजी अस्पतालों में पहुंचाया गया। करीब 40 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद ग्रामीणों ने कुत्ते को पकड़ने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि लगातार हमला कर रहे कुत्ते को ग्रामीणों ने मार दिया।

इस घटना ने गांव में आवारा और आक्रामक कुत्तों से सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। बच्चों समेत बड़ी संख्या में लोगों के घायल होने से ग्रामीण सहमे हुए हैं।

Ad