मसूरी-देहरादून में अवैध निर्माण पर MDDA का शिकंजा, सात भवन सील
बिना मानचित्र स्वीकृति के हो रहे व्यावसायिक निर्माणों पर कार्रवाई, प्राधिकरण ने जारी की सख्त चेतावनी
देहरादून। मसूरी और देहरादून में अवैध निर्माण के खिलाफ मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने कार्रवाई तेज कर दी है। प्राधिकरण की टीम ने अलग-अलग क्षेत्रों में नियमों को ताक पर रखकर किए जा रहे सात निर्माणों को सील कर दिया। कार्रवाई की जद में बिना स्वीकृत मानचित्र के बनाए जा रहे व्यावसायिक निर्माण भी आए हैं।
एमडीडीए के अनुसार, मसूरी में घंटाघर रोड पर होटल गोल्डन हैवन के समीप जगमोहन अत्री के पूर्व निर्मित भवन में बिना अनुमति निर्माण किए जाने पर सीलिंग की कार्रवाई की गई। वहीं, संस्कृति लोक कॉलोनी में नदीम अहमद और शहजाद के व्यावसायिक निर्माणों को भी सील किया गया। इसके अलावा लेन नंबर-1 में चौधरी के निर्माण पर प्राधिकरण ने कार्रवाई की।
देहरादून के टर्नर रोड क्षेत्र में बजाज डेयरी के पास स्थित सी-12 में सुमित के निर्माण को सील किया गया। इसी क्षेत्र के ओगल भट्टा इलाके में सी-12 टर्नर रोड पर कमलेश और रुकसाना/इकबाल के निर्माणों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
नियमों के उल्लंघन पर जारी रहेगी कार्रवाई
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि भवन निर्माण के लिए निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य है। बिना मानचित्र स्वीकृत कराए निर्माण करने या स्वीकृत नक्शे के विपरीत निर्माण पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एमडीडीए ने संकेत दिया है कि अवैध निर्माणों पर निगरानी और सीलिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।
प्राधिकरण की इस कार्रवाई का उद्देश्य शहरों में नियोजित विकास सुनिश्चित करना और भवन निर्माण से जुड़े नियमों का पालन कराना है।


