करवाचौथ पर उत्तराखंड की महिला कर्मचारियों को बड़ी राहत, धामी सरकार ने घोषित किया अवकाश

खबर शेयर करें -

देहरादून। करवाचौथ के पर्व पर उत्तराखंड सरकार ने प्रदेश की महिला कार्मिकों को विशेष सौगात दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर गुरुवार को महिला कर्मचारियों के लिए सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। इस संबंध में शासन की ओर से बुधवार को आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया।

करवाचौथ का पर्व महिलाओं के लिए धार्मिक आस्था और पारिवारिक भावनाओं से गहराई से जुड़ा है। इस दिन महिलाएं अपने पति की लंबी आयु और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के साथ व्रत रखती हैं। ऐसे में राज्य सरकार के इस फैसले से महिला कार्मिकों को पर्व की तैयारियों और परंपराओं के निर्वहन के लिए समय मिल सकेगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि करवाचौथ महिलाओं की आस्था, प्रेम और पारिवारिक विश्वास का प्रतीक है। राज्य सरकार महिलाओं की भावनाओं और सांस्कृतिक परंपराओं का सम्मान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के हितों को ध्यान में रखते हुए संवेदनशीलता के साथ निर्णय ले रही है।

सरकार के इस निर्णय को करवाचौथ के अवसर पर महिला कर्मचारियों को दी गई राहत के रूप में देखा जा रहा है। इससे उन्हें कार्यस्थल की जिम्मेदारियों के साथ-साथ पर्व से जुड़ी पारिवारिक और धार्मिक परंपराओं को निभाने का अवसर मिलेगा।

Ad