रेखा आर्या के पति की तलाश में जुटी SIT, बरेली में ठिकानों पर छापेमारी जारी
देहरादून। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू से जुड़े मामले में विशेष जांच दल (SIT) की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस की टीमें साहू की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं, लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है। इस बीच जांच को आगे बढ़ाते हुए एसआईटी ने बुधवार को भी मामले से जुड़े कई लोगों के बयान दर्ज किए।
मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही एसआईटी विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। जांच टीम संबंधित लोगों से पूछताछ करने के साथ ही प्रकरण से जुड़े तथ्यों और जानकारियों को जुटाने में लगी है। इसी कड़ी में पहले कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के बयान दर्ज किए गए थे। इसके बाद उनके स्टाफ से जुड़े लोगों से भी पूछताछ की गई।
संबंधित लोगों से पूछताछ, जांच का दायरा बढ़ा
बुधवार को एसआईटी ने गिरधारी लाल साहू से संपर्क रखने वाले लोगों के बयान दर्ज किए। जांच टीम इन बयानों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने और जरूरी जानकारियां जुटाने का प्रयास कर रही है।
वहीं, साहू की तलाश में बरेली स्थित उनके संभावित ठिकानों पर भी छापेमारी की जा रही है। लगातार दबिश के बावजूद उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। एसआईटी की जांच और तलाश अभियान आगे भी जारी है। अब जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और पूछताछ से मिलने वाली जानकारियों पर आगे की कार्रवाई निर्भर करेगी।


