करवाचौथ पर धामी सरकार का तोहफा, उत्तराखंड में महिला कर्मचारियों को मिलेगी छुट्टी
देहरादून। करवाचौथ के पावन पर्व पर उत्तराखंड की महिला सरकारी कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने इस अवसर पर महिला कार्मिकों को अवकाश देने की घोषणा की है। सरकार के इस फैसले से पर्व की तैयारियों में जुटी महिलाओं को अपने परिवार के साथ समय बिताने का अवसर मिलेगा।
करवाचौथ को लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह रहता है। इस दिन सुहागिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के साथ व्रत रखती हैं। ऐसे में गुरुवार को महिला कर्मचारियों के लिए छुट्टी घोषित किए जाने से उन्हें व्रत, पूजा-पाठ और अन्य पारिवारिक परंपराओं की तैयारियां करने में सहूलियत मिलेगी।
धामी सरकार की इस घोषणा को महिला कार्मिकों के लिए त्योहार के अवसर पर एक विशेष सौगात के रूप में देखा जा रहा है। फैसले के बाद महिला कर्मचारियों में खुशी का माहौल है। अब वे कामकाज की व्यस्तता से कुछ समय निकालकर करवाचौथ का पर्व अपने परिवार और परिजनों के साथ मना सकेंगी।


