पीले रंग के ₹1000 के नोट की तस्वीर और वीडियो वायरल, क्या फिर लौट रहा है हजार का नोट? जानिए सच्चाई

खबर शेयर करें -

नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर इन दिनों पीले रंग के ₹1000 के कथित नए नोट की तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। नोट पर मंदिर की तस्वीर दिखाई दे रही है। कुछ सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने ₹1000 का नया नोट जारी कर दिया है या जल्द ही इसे बाजार में उतारा जाएगा। हालांकि, सरकारी फैक्ट चेक एजेंसी ने इन दावों को फर्जी बताया है।

PIB फैक्ट चेक ने क्या कहा?

प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) की फैक्ट चेक यूनिट ने 27 अक्टूबर को स्पष्ट किया कि भारतीय रिजर्व बैंक ने ₹1000 का नया नोट जारी करने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। ऐसे में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे दावे को सही मानना उचित नहीं है। एजेंसी ने लोगों से अपील की है कि किसी भी जानकारी को साझा करने से पहले उसकी आधिकारिक पुष्टि जरूर करें।

नोटबंदी के बाद बंद हुआ था ₹1000 का नोट

गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने 8 नवंबर 2016 को नोटबंदी की घोषणा के बाद पुराने ₹500 और ₹1000 के नोटों का वैध मुद्रा का दर्जा समाप्त कर दिया था। इसके बाद नए डिजाइन में ₹500 का नोट जारी किया गया था। फिलहाल ₹1000 का नया नोट जारी किए जाने की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

वायरल तस्वीर और वीडियो पर न करें आंख मूंदकर भरोसा

सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों और वीडियो के आधार पर यह निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता कि कोई नया नोट वास्तव में जारी हो गया है। लोगों को भारतीय रिजर्व बैंक की आधिकारिक सूचनाओं और सरकारी फैक्ट चेक पर ही भरोसा करना चाहिए। बिना पुष्टि के ऐसे दावों को आगे साझा करने से बचना चाहिए।

Ad