उत्तराखंड में करवाचौथ पर बदला मौसम, ऋषिकेश समेत कई क्षेत्रों में बारिश
देहरादून। करवाचौथ के दिन उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने से पहाड़ों में ठंड बढ़ गई है, जबकि मैदानी और मध्यवर्ती क्षेत्रों में बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में बर्फबारी दर्ज की गई। वहीं, ऋषिकेश, पौड़ी, श्रीनगर और कोटद्वार समेत कई स्थानों पर बारिश होने से तापमान में गिरावट के आसार हैं।
बीते कुछ दिनों से शुष्क मौसम के कारण प्रदेश के मैदानी इलाकों में दिन के समय तेज धूप खिल रही थी। इससे अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई, हालांकि रात का तापमान सामान्य के आसपास बना रहा। अब बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण मौसम में ठंडक बढ़ने की संभावना है।
नौ जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश में मौसम के बदलते रुख को देखते हुए कई जिलों के लिए चेतावनी जारी की है। देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली, चंपावत और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। नैनीताल में भी मौसम खराब रह सकता है।
इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका है। हवा की रफ्तार सामान्य तौर पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। मौसम विभाग ने संभावित गतिविधियों को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है।
ऊंचे पहाड़ों पर फिर गिर सकती है बर्फ
प्रदेश के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश होने के आसार हैं। वहीं, 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इससे पर्वतीय इलाकों में ठंड का असर और बढ़ सकता है।
मौसम में इस बदलाव के पीछे चक्रवाती तूफान अर्नब और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव को अहम माना जा रहा है। आने वाले समय में बारिश और तेज हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
फिलहाल, प्रदेश में मौसम के बदले मिजाज ने सर्दी की आहट तेज कर दी है। ऐसे में पर्वतीय क्षेत्रों में जाने वाले लोगों को मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी जाती है।


