नवरात्र और शादी के सीजन ने लौटाई बाजारों की रौनक, खरीदारी बढ़ने से व्यापारियों में उत्साह

खबर शेयर करें -

देहरादून। श्राद्ध पक्ष के समापन के साथ ही राजधानी देहरादून के बाजारों में एक बार फिर रौनक लौटने लगी है। नवरात्र की शुरुआत और विवाह सीजन के आगाज ने कारोबारियों की उम्मीदों को नई उड़ान दी है। मांगलिक कार्यों की तैयारियों के बीच लोग खरीदारी के लिए बाजारों का रुख कर रहे हैं। कपड़े, आभूषण, कॉस्मेटिक्स और पूजन सामग्री की दुकानों पर बढ़ती ग्राहकों की आवाजाही से व्यापारिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं।

शहर के पलटन बाजार, धामावाला और दूल्हा बाजार सहित अन्य प्रमुख बाजारों में दुकानदारों ने भी त्योहार और शादी के सीजन को देखते हुए तैयारियां शुरू कर दी हैं। ग्राहकों की पसंद और बजट को ध्यान में रखते हुए दुकानों में अलग-अलग डिजाइन और रेंज के उत्पाद उपलब्ध कराए जा रहे हैं। बाजारों में बढ़ती चहल-पहल से व्यापारियों के चेहरे खिले हुए हैं और उन्हें आगामी दिनों में कारोबार में और तेजी आने की उम्मीद है।

शादी की खरीदारी के लिए बाजार पहुंच रहे ग्राहक

विवाह सीजन शुरू होने के साथ ही कपड़ों की दुकानों पर भी ग्राहकों की दिलचस्पी बढ़ने लगी है। कपड़ा व्यापारी प्रतीक मैनी के अनुसार, शादी-ब्याह के लिए बच्चों से लेकर बड़ों तक के कपड़ों की मांग में इजाफा होने लगा है। ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न डिजाइन और कीमतों के कपड़े उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि हर बजट के लोग अपनी पसंद के अनुसार खरीदारी कर सकें।

नवरात्र को लेकर भी बढ़ेगी बाजारों में चहल-पहल

नवरात्र के चलते पूजन सामग्री और कॉस्मेटिक्स से जुड़ी दुकानों पर भी कारोबार बढ़ने की उम्मीद है। पलटन बाजार के कॉस्मेटिक्स कारोबारी आरके गर्ग ने बताया कि नवरात्र के अवसर पर विभिन्न वर्गों के ग्राहकों की जरूरत के अनुसार सामान की मांग बढ़ने की संभावना है। दुकानों में अलग-अलग बजट के उत्पाद उपलब्ध हैं, जिससे ग्राहक अपनी सुविधा के अनुसार खरीदारी कर सकते हैं।

व्यापारियों का मानना है कि नवरात्र और विवाह सीजन का एक साथ पड़ना बाजारों के लिए अच्छा अवसर है। आने वाले दिनों में त्योहारों की तैयारियों और शादी-ब्याह से जुड़ी खरीदारी बढ़ने के साथ कारोबार में और तेजी आने की संभावना है।

Ad