मसूरी में लौटी रौनक, लंबे वीकेंड ने पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिलाए
मसूरी। लंबे वीकेंड ने उत्तराखंड के पर्यटन कारोबार में रौनक बढ़ा दी है। शनिवार को मसूरी से लेकर धनोल्टी, काणाताल, बुरांशखंडा और कैम्पटी तक पर्यटकों की चहल-पहल देखने को मिली। मैदानी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे सैलानियों के कारण पर्यटन स्थलों पर रौनक लौट आई है। पर्यटकों की बढ़ती आमद से होटल कारोबारियों और स्थानीय व्यापारियों के चेहरे खिल उठे हैं। कारोबारियों को उम्मीद है कि अगले चार दिनों तक पर्यटन गतिविधियां तेज रहेंगी और अच्छा व्यवसाय मिलेगा।
शनिवार को सुबह से ही पर्यटकों का मसूरी और आसपास के पर्यटन स्थलों की ओर पहुंचना शुरू हो गया था। दोपहर तक शहर में सामान्य दिनों जैसी गतिविधियां देखने को मिलीं, लेकिन इसके बाद पर्यटकों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी। शाम होते-होते होटलों में कमरों की मांग बढ़ गई और बुकिंग का आंकड़ा 60 से 70 प्रतिशत तक पहुंच गया। पर्यटन कारोबारियों के मुताबिक, वीकेंड के अगले दिनों में बुकिंग और बढ़ने की संभावना है।
मालरोड से लाल टिब्बा तक सैलानियों की चहल-पहल
पर्यटकों की आमद का असर शहर के प्रमुख बाजारों और दर्शनीय स्थलों पर भी दिखाई दिया। मालरोड, लाइब्रेरी बाजार, कुलड़ी बाजार और अटल उद्यान में दिनभर पर्यटकों की आवाजाही बनी रही। शाम के समय बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई और देर रात तक सैलानी घूमते नजर आए।
वहीं, जार्ज एवरेस्ट, हाथी पांव, भट्टा फॉल, दलाई हिल, गनहिल, लाल टिब्बा और चार दुकान जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों पर भी पर्यटकों की अच्छी खासी भीड़ रही। प्राकृतिक नजारों का आनंद लेने और पहाड़ों की सैर करने पहुंचे सैलानियों ने स्थानीय पर्यटन गतिविधियों को गति दी।
आसपास के पर्यटन स्थलों पर भी बढ़ी रौनक
मसूरी के साथ धनोल्टी, काणाताल, बुरांशखंडा और कैम्पटी में भी पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से पर्यटन कारोबार को बेहतर रहने की उम्मीद है। लंबे वीकेंड के चलते होटल, रेस्टोरेंट और स्थानीय दुकानदारों को आने वाले दिनों में अच्छी कमाई की आस है।
हालांकि, पर्यटकों की संख्या बढ़ने के बावजूद शनिवार को देहरादून-मसूरी मार्ग समेत प्रमुख सड़कों पर जाम से राहत रही। इससे पर्यटकों को आवागमन में अपेक्षाकृत सहूलियत मिली। अब पर्यटन कारोबारियों की निगाहें अगले कुछ दिनों पर टिकी हैं, जब लगातार छुट्टियों का लाभ उठाकर और अधिक सैलानियों के मसूरी व आसपास के पर्यटन स्थलों पर पहुंचने की उम्मीद है।


