उत्तराखंड के 519 गांवों में स्वरोजगार को मिलेगा बढ़ावा, 7 हजार परिवारों को आर्थिक मदद देगी सरकार

खबर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड के ग्रामीण इलाकों में रोजगार के नए अवसर पैदा करने और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए जलागम विभाग ने विशेष योजना शुरू की है। इसके तहत प्रदेश के आठ जिलों के 15 विकासखंडों की 519 ग्राम पंचायतों में करीब सात हजार परिवारों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। योजना के अंतर्गत व्यक्तिगत लाभार्थियों को स्वरोजगार शुरू करने के लिए 35 हजार रुपये, जबकि समूहों को अधिकतम 1.20 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जा रही है।

जलागम मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बताया कि उत्तराखंड जलवायु अनुकूल बारानी कृषि परियोजना के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। परियोजना का उद्देश्य वर्षा आधारित कृषि क्षेत्रों में खेती और औद्यानिकी को प्रोत्साहित करने के साथ पर्यावरण संरक्षण तथा ग्रीन हाउस गैसों के उत्सर्जन को कम करना भी है। इसके साथ ही समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

मधुमक्खी पालन से लेकर बकरी पालन तक मिल रही मदद

योजना के तहत व्यक्तिगत लाभार्थी अपनी रुचि और स्थानीय जरूरत के अनुसार विभिन्न स्वरोजगार गतिविधियां शुरू कर सकते हैं। इनमें मधुमक्खी पालन, प्लंबर, इलेक्ट्रिशियन, मुर्गीपालन, बकरी पालन और पारंपरिक घराट संचालन जैसे कार्य शामिल हैं। वहीं, ग्रामीण समूहों को बैंड पार्टी, टेंट हाउस, फल संरक्षण, अचार निर्माण और मत्स्य पालन जैसी गतिविधियों के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

विभाग के अनुसार, इस योजना का लाभ उठाकर कई ग्रामीण पहले ही स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ा चुके हैं। इससे गांवों में स्थानीय संसाधनों के आधार पर आजीविका के नए विकल्प विकसित होने की उम्मीद है।

ग्रामसभा की बैठक में होगा लाभार्थियों का चयन

योजना का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए चयन प्रक्रिया को ग्रामसभा से जोड़ा गया है। लाभार्थियों का चुनाव ग्रामसभा की खुली बैठक में उनकी आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए किया जाता है। इससे जरूरतमंद परिवारों को प्राथमिकता देने में मदद मिलेगी।

यह परियोजना नैनीताल, अल्मोड़ा, ऊधमसिंह नगर, पौड़ी, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग जिलों में संचालित की जा रही है।

जलागम मंत्री राम सिंह कैड़ा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि चयनित लाभार्थियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को स्वरोजगार से जोड़कर उनकी आमदनी बढ़ाना और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है।

इस पहल से पर्वतीय और ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ पलायन की समस्या को कम करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।

Ad