सीएम धामी आज करेंगे बैकुंठ चतुर्दशी मेले का शुभारंभ, दस दिनों तक श्रीनगर में दिखेगी आस्था और संस्कृति की रौनक

खबर शेयर करें -

श्रीनगर। पौड़ी जिले के श्रीनगर में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आवास विकास मैदान में दस दिवसीय मेले का विधिवत उद्घाटन करेंगे। मेले को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए नगर निगम प्रशासन की ओर से व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की गई हैं।

मेले के आयोजन से पहले रविवार को आवास विकास मैदान में नगर निगम की ओर से विधि-विधान के साथ भूमि पूजन किया गया। इस दौरान आयोजन की सफलता और निर्विघ्न संपन्नता की कामना की गई। भूमि पूजन का कार्यक्रम पंडित विपिन थपलियाल ने संपन्न कराया। इस अवसर पर महापौर आरती भंडारी, नगर आयुक्त नुपुर वर्मा, पार्षदों के साथ निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

नगर निगम प्रशासन के अनुसार, मेले को लेकर मैदान में मंच निर्माण, विभिन्न विभागों के स्टाल, झूले-चरखियों और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है। दस दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में स्थानीय लोगों के साथ ही आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।

श्रीनगर की सांस्कृतिक पहचान है बैकुंठ चतुर्दशी मेला

महापौर आरती भंडारी ने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला श्रीनगर की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। यह मेला केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि क्षेत्र की परंपराओं, सामाजिक सहभागिता और आपसी एकता को भी मजबूत करता है।

उन्होंने कहा कि नगर निगम इस बार मेले को पहले से अधिक भव्य, आकर्षक और सुव्यवस्थित बनाने का प्रयास कर रहा है, ताकि यहां पहुंचने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हाथों मेले का शुभारंभ होने के साथ ही श्रीनगर में दस दिनों तक उत्सव का माहौल रहेगा। धार्मिक गतिविधियों, प्रदर्शनी और मनोरंजन से जुड़ी व्यवस्थाओं के बीच यह आयोजन क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण मंच बनेगा।

Ad