होली एंजेल स्कूल में लगा यूनिवर्सिटी फेयर, 21 विश्वविद्यालयों ने विद्यार्थियों को बताए करियर के अवसर

खबर शेयर करें -

डोईवाला। रेशम माजरी स्थित होली एंजेल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शनिवार को कॉलेज वेदा के सहयोग से करियर काउंसलिंग एवं यूनिवर्सिटी फेयर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन डॉ. देवी प्रसाद बछेती एवं प्रधानाचार्या स्वाति पांडेय ने किया।

कार्यक्रम में देश के करीब 21 प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों ने प्रतिभाग किया। इनमें लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU), चितकारा यूनिवर्सिटी, ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी और यूपीईएस (UPES) सहित कई प्रमुख संस्थान शामिल रहे।

इस दौरान विभिन्न विश्वविद्यालयों से पहुंचे प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को उच्च शिक्षा के पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया, छात्रवृत्ति योजनाओं और रोजगारपरक करियर विकल्पों की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय प्रतिनिधियों से सीधे संवाद कर अपनी रुचि, योग्यता और भविष्य की संभावनाओं के अनुरूप उपलब्ध शैक्षणिक अवसरों को समझा।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा एवं करियर चयन के लिए उचित मार्गदर्शन प्रदान करना और उन्हें भविष्य के प्रति जागरूक बनाना रहा।

विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को सही समय पर करियर संबंधी निर्णय लेने में मददगार साबित होते हैं। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Ad