टिहरी मेडिकल कॉलेज आंदोलन का असर, 200 बेड के जिला अस्पताल की मांग स्वीकार, अनशन समाप्त

खबर शेयर करें -

टिहरी गढ़वाल: टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल की अध्यक्षता में देहरादून स्थित वन भवन में टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण संयुक्त संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला चिकित्सालय टिहरी की क्षमता 100 से बढ़ाकर 200 बेड करने की मांग स्वीकार कर ली गई।

गौरतलब है कि मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर संयुक्त संघर्ष समिति 12 नवंबर से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर थी। आंदोलन के आठवें दिन आयोजित बैठक में स्वास्थ्य मंत्री ने समिति के प्रतिनिधियों की मांगों और जनपदवासियों की भावनाओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर गंभीरता से कार्य कर रही है।

बैठक में मेडिकल कॉलेज की पूर्व में तैयार डीपीआर पर THDC को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पाण्डेय ने THDC इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक को पत्र भेजकर प्रस्ताव की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने को कहा।

स्वास्थ्य सचिव ने आमरण अनशन पर बैठे आंदोलनकारियों के स्वास्थ्य और जीवन की सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए समिति से अनशन समाप्त कराने की अपील भी की।

बैठक के बाद देर शाम जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल नई टिहरी के बौराड़ी स्थित धरना स्थल पहुंचीं। उन्होंने आंदोलनकारियों से मुलाकात कर बैठक में हुई सकारात्मक कार्यवाही और स्वास्थ्य मंत्री के निर्णयों की जानकारी दी। इसके बाद आंदोलनकारियों का अनशन समाप्त कराया गया।

बैठक में स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पाण्डेय, जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, चिकित्सा शिक्षा निदेशक आशुतोष सयाना, समिति संयोजक डॉ. राकेश भूषण गोदियाल सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं समिति के सदस्य मौजूद रहे। स्थानीय विधायक किशोर उपाध्याय वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

अब टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर शासन और THDC की अगली कार्रवाई पर जनपदवासियों की नजरें टिकी हैं।

Ad