उत्तराखंड में कृषि अनुदान के फर्जीवाड़े पर लगेगी रोक, किसानों को अब नकद नहीं मिलेंगे पैसे; ई-रुपी वाउचर से खरीद सकेंगे खाद-बीज

खबर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड में कृषि योजनाओं के तहत मिलने वाली सरकारी सब्सिडी के इस्तेमाल पर अब विभाग की निगरानी और मजबूत होने जा रही है। किसानों को कृषि उपकरण, खाद और बीज खरीदने के लिए मिलने वाले अनुदान की व्यवस्था में बदलाव की तैयारी है। नई प्रणाली लागू होने के बाद पात्र किसानों को सीधे बैंक खाते में अनुदान राशि देने के बजाय डिजिटल माध्यम से ई-रुपी वाउचर उपलब्ध कराए जाएंगे। किसान इन वाउचर का इस्तेमाल निर्धारित फर्मों से कृषि संबंधी सामान खरीदने के लिए कर सकेंगे।

कृषि विभाग इस व्यवस्था को सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी (CBDC) के तहत लागू करने की दिशा में काम कर रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य सरकारी अनुदान का उपयोग निर्धारित कार्यों के लिए सुनिश्चित करना और वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता लाना है।

दरअसल, प्रदेश में कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों को कृषि यंत्रों, खाद और बीज की खरीद पर आर्थिक सहायता दी जाती है। हालांकि, पूर्व में ऐसी शिकायतें सामने आती रही हैं, जिनमें अनुदान की रकम मिलने के बावजूद उसके अनुरूप कृषि उपकरण या अन्य जरूरी सामग्री नहीं खरीदी गई। इससे सरकारी धन के दुरुपयोग और योजनाओं में अनियमितताओं की आशंका बनी रहती थी।

इन्हीं समस्याओं को देखते हुए विभाग अब पारंपरिक अनुदान वितरण प्रणाली के स्थान पर डिजिटल वाउचर आधारित व्यवस्था अपनाने जा रहा है। नई प्रणाली के तहत पात्र किसानों के मोबाइल फोन पर ई-रुपी वाउचर का विवरण भेजा जाएगा। इसके बाद किसान संबंधित वाउचर का उपयोग चयनित फर्मों से कृषि इनपुट खरीदने के लिए कर सकेंगे।

कृषि निदेशक दिनेश कुमार के अनुसार, इस व्यवस्था से अनुदान की राशि का इस्तेमाल उसी उद्देश्य के लिए सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी, जिसके लिए सरकार की ओर से सहायता दी जा रही है।

अनुदान के इस्तेमाल पर रहेगी निगरानी

नई व्यवस्था का सबसे बड़ा फायदा यह माना जा रहा है कि सरकारी सहायता की राशि का उपयोग निर्धारित कृषि उत्पादों की खरीद में ही हो सकेगा। इससे अनुदान के दुरुपयोग की संभावनाएं कम होंगी और योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंद किसानों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

डिजिटल वाउचर प्रणाली लागू होने से कृषि अनुदान वितरण में पारदर्शिता बढ़ने के साथ ही विभाग के लिए खरीद प्रक्रिया की निगरानी करना भी आसान हो सकता है।

Ad