एपल और गूगल की सेवाओं पर अचानक लगा ब्रेक, हजारों यूजर्स हुए परेशान; लॉगइन से लेकर ऑनलाइन पेमेंट तक प्रभावित
नई दिल्ली। दुनिया की दिग्गज टेक कंपनियों एपल और गूगल की कई डिजिटल सेवाओं में मंगलवार रात अचानक तकनीकी व्यवधान आ गया। इसके चलते भारत समेत विभिन्न क्षेत्रों के हजारों यूजर्स को परेशानी का सामना करना पड़ा। कहीं ईमेल सेवाएं प्रभावित रहीं तो कहीं ऑनलाइन भुगतान और अकाउंट लॉगइन करने में दिक्कतें सामने आईं।
जानकारी के मुताबिक, एपल की आईक्लाउड सेवा में लॉगइन करने में यूजर्स को परेशानी हुई। इसके साथ ही एप स्टोर, एपल वॉलेट और एपल पे की सेवाएं भी प्रभावित हुईं। दूसरी ओर, गूगल की जीमेल और सर्च सेवाओं का इस्तेमाल करने वाले कई लोगों ने भी तकनीकी समस्याओं की शिकायत की। इस व्यवधान का असर मैसेज भेजने, ईमेल एक्सेस करने और डिजिटल ट्रांजेक्शन जैसी रोजमर्रा की ऑनलाइन गतिविधियों पर पड़ा।
आउटेज पर नजर रखने वाली वेबसाइट डाउनडिटेक्टर पर भी शिकायतों में तेजी से इजाफा दर्ज किया गया। रिपोर्ट के अनुसार, महज एक घंटे के भीतर शिकायतों का आंकड़ा लगभग 1500 से बढ़कर 2000 तक पहुंच गया। भारतीय समयानुसार रात करीब 10 बजे से यूजर्स की ओर से सेवाएं बाधित होने की शिकायतें लगातार सामने आने लगीं। इनमें आईक्लाउड और एपल पे को लेकर सबसे अधिक समस्याएं दर्ज की गईं।
तकनीकी परेशानी से प्रभावित लोगों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी अपनी नाराजगी जाहिर की और सेवाओं में आ रही दिक्कतों की जानकारी साझा की। हालांकि, शुरुआती जानकारी में इस व्यवधान के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी।
इस घटनाक्रम ने वैश्विक स्तर पर डिजिटल सेवाओं की सुरक्षा और निर्भरता को लेकर चिंता और बढ़ा दी है। दरअसल, इसी दिन इससे कुछ घंटे पहले बीबीसी, एचएसबीसी यूएई बैंक, एयर फ्रांस और आइकिया समेत दुनिया की करीब 200 प्रमुख वेबसाइटों पर साइबर हमले की खबरें भी सामने आई थीं।
हालांकि, एपल और गूगल की सेवाओं में आई तकनीकी बाधा तथा वेबसाइटों पर हुए कथित साइबर हमलों के बीच अभी तक किसी प्रत्यक्ष संबंध की पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में दोनों घटनाओं को फिलहाल अलग-अलग घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है।


