आयुष-यूजी की 553 खाली सीटों पर मापअप काउंसलिंग शुरू, 20 नवंबर तक करें आवेदन
देहरादून। उत्तराखंड में आयुष-यूजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश की राह देख रहे अभ्यर्थियों के लिए मौका है। प्रदेश के आयुष कॉलेजों में अभी 553 सीटें खाली हैं। इन सीटों को भरने के लिए उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय ने मापअप काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू कर दी है। नीट-यूजी 2026 में सफल उम्मीदवार 20 नवंबर तक ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं।
कुल रिक्त सीटों में 495 सीटें राज्य कोटे और 58 सीटें ऑल इंडिया कोटे की हैं। विश्वविद्यालय की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, 21 नवंबर को काउंसलिंग की मेरिट सूची जारी की जाएगी। इसके बाद 23 नवंबर को आरक्षित श्रेणी के अभ्यर्थियों को, जबकि 24 नवंबर को अनारक्षित राज्य कोटे और ऑल इंडिया कोटे के उम्मीदवारों को सीट आवंटित की जाएगी।
सीट आवंटन के लिए अभ्यर्थियों को हर्रावाला स्थित उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना होगा। चयनित उम्मीदवारों को संबंधित कॉलेज में प्रवेश की प्रक्रिया 25 नवंबर को दोपहर एक बजे तक पूरी करनी होगी।
इस चरण की काउंसलिंग में उन अभ्यर्थियों को भी मौका दिया गया है, जिन्हें पहले या दूसरे राउंड में सीट नहीं मिल पाई थी। वहीं, सीट आवंटित होने के बाद समयसीमा में प्रवेश नहीं ले पाने वाले उम्मीदवार भी इसमें भाग ले सकते हैं। हालांकि, पहले से किसी कॉलेज में प्रवेश ले चुके अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले संबंधित कॉलेज के प्राचार्य के माध्यम से विश्वविद्यालय में अपनी सीट छोड़नी होगी।
आयुष केंद्रीय काउंसलिंग समिति द्वारा अयोग्य घोषित उम्मीदवार मापअप प्रक्रिया में शामिल नहीं हो पाएंगे। काउंसलिंग के दौरान अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र, नीट स्कोरकार्ड, हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के प्रमाणपत्र, निवास प्रमाणपत्र और पहचान पत्र की स्वप्रमाणित प्रतियां प्रस्तुत करनी होंगी। आरक्षण श्रेणी के उम्मीदवारों को संबंधित प्रमाणपत्र भी साथ लाना होगा। निर्धारित शुल्क और सिक्योरिटी राशि ऑनलाइन जमा करनी होगी। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि नकद भुगतान की व्यवस्था नहीं होगी।


