20 नवंबर को आईडीपीएल मैदान में धूमधाम से मनेगी इगास बग्वाल, जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण देंगे प्रस्तुति

खबर शेयर करें -

पूर्व महापौर अनिता ममगाईं के संयोजन में आठवें वर्ष होगा आयोजन, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और सांसद अनिल बलूनी होंगे शामिल

ऋषिकेश। उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तीर्थनगरी ऋषिकेश में 20 नवंबर को भव्य इगास बग्वाल महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। आईडीपीएल मैदान में शाम चार बजे से शुरू होने वाले इस महोत्सव में लोक संस्कृति के विविध रंग देखने को मिलेंगे। कार्यक्रम में प्रसिद्ध जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण अपनी टीम के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।

कार्यक्रम की संयोजक एवं ऋषिकेश नगर निगम की पूर्व महापौर अनिता ममगाईं ने बताया कि उत्तराखंड की लोक परंपराओं, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के उद्देश्य से पिछले आठ वर्षों से इगास महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में इस वर्ष भी भव्य आयोजन किया जाएगा।उन्होंने कहा कि इगास बग्वाल उत्तराखंड की लोक आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण पर्व है। आधुनिकता के दौर में नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और पारंपरिक त्योहारों से जोड़ना बेहद जरूरी है। ऐसे आयोजनों से लोक संस्कृति को जीवंत रखने और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने में मदद मिलती है।

इगास बग्वाल के ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि इसे बूढ़ी दिवाली के नाम से भी जाना जाता है। लोक मान्यता के अनुसार, वीर माधो सिंह भंडारी की तिब्बत युद्ध में विजय की सूचना ग्यारह दिन बाद पहुंचने की खुशी में दीपावली के ग्यारह दिन बाद इगास मनाने की परंपरा शुरू हुई।महोत्सव में पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत और गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी विशेष रूप से शिरकत करेंगे। जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ पारंपरिक भैलो नृत्य और मंडाण मुख्य आकर्षण रहेंगे। इसके अलावा उत्तराखंड के पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे।

पत्रकार वार्ता में समाजसेवी आकाश जैन, घाट रोड व्यापार मंडल अध्यक्ष पवन शर्मा, भाजपा नेता पंकज शर्मा, पार्षद मुस्कान, सिमरन उप्पल, राजेश कोठियाल, आशु ढंग, गौरव कैंथोला, पार्षद प्रतिनिधि वीरेंद्र भारद्वाज और राजेश नौटियाल मौजूद रहे।

Ad