22 नवंबर से शुरू होगी डोईवाला शुगर मिल में गन्ने की पेराई, मिल प्रबंधन ने पूरी की तैयारियां

खबर शेयर करें -

डोईवाला। डोईवाला चीनी मिल में आगामी पेराई सत्र शुरू होने की तारीख तय हो गई है। मिल में 22 नवंबर से गन्ने की पेराई शुरू की जाएगी। सत्र की तारीख घोषित होने के बाद किसानों ने भी गन्ने की आपूर्ति को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। वहीं, मिल प्रबंधन ने पेराई सत्र के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने का दावा किया है।

मिल प्रशासन की ओर से किसानों से साफ और स्वच्छ गन्ना आपूर्ति करने की अपील की गई है, ताकि पेराई प्रक्रिया बिना किसी बाधा के संचालित हो सके। इसके साथ ही पेराई सत्र के शुभारंभ कार्यक्रम में क्षेत्र के सभी किसानों को शामिल होने का निमंत्रण दिया गया है।

चीनी मिल की अधिशासी निदेशक अपर्णा ढौंडियाल ने बताया कि 22 नवंबर की तारीख निर्धारित होने के बाद उद्घाटन समारोह की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि आगामी सत्र को व्यवस्थित और सुचारू ढंग से चलाने के लिए मिल प्रबंधन ने अपनी ओर से सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

पेराई सत्र शुरू होने से क्षेत्र के गन्ना किसानों को अपनी उपज मिल तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा। अब किसानों और मिल प्रशासन की निगाहें निर्धारित तिथि पर सत्र के विधिवत शुभारंभ पर टिकी हैं।

Ad