उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर, 2200 से अधिक पदों पर जल्द शुरू होगी भर्ती प्रक्रिया

खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की राह देख रहे युवाओं के लिए नवंबर का महीना अहम रहने वाला है। प्रदेश में पुलिस कांस्टेबल, दरोगा समेत समूह-ग के 2200 से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने इसके लिए भर्ती कैलेंडर जारी कर दिया है। आयोग की योजना के अनुसार, नवंबर के अंत तक विभिन्न पदों के विज्ञापन जारी कर दिए जाएंगे, जबकि वर्दीधारी पदों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा जनवरी 2027 के पहले सप्ताह से शुरू कराई जा सकती है।

आयोग के सचिव एनएस डुंगरियाल के मुताबिक, वर्दीधारी श्रेणी के लगभग 1694 पदों के लिए भर्ती विज्ञापन जारी कर दिया गया है। इनमें पुलिस कांस्टेबल, पीएसी और आईआरबी आरक्षी, अग्निशामक, वन आरक्षी, स्पेशल टाइगर गार्ड, आबकारी सिपाही, परिवहन आरक्षी, बंदीरक्षक और सचिवालय रक्षक के पद शामिल हैं।

इसके अलावा उपनिरीक्षक स्तर के करीब 250 पदों पर भर्ती के लिए 25 नवंबर को विज्ञापन जारी किया जाएगा। इस श्रेणी में पुलिस दरोगा, प्लाटून कमांडर पीएसी एवं आईआरबी, अग्निशमन द्वितीय अधिकारी, अभिसूचना उपनिरीक्षक, उप आबकारी निरीक्षक और वन दरोगा के पद शामिल हैं।

वहीं, मानचित्रकार और प्रारूपकार के लगभग 200 पदों के लिए 30 नवंबर को भर्ती विज्ञापन जारी करने की तैयारी है। इसी तारीख को स्नातक स्तरीय अर्हता वाले पदों की भर्ती का विज्ञापन भी जारी किया जाएगा।

आयोग के अध्यक्ष जीएस मर्तोलिया ने बताया कि सभी प्रस्तावित भर्तियों को मिलाकर इस महीने करीब 2200 समूह-ग पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। उन्होंने संकेत दिए कि वर्दीधारी पदों के अभ्यर्थियों के लिए जनवरी के प्रथम सप्ताह में शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित कराने की तैयारी है।

इन भर्तियों के शुरू होने से प्रदेश में लंबे समय से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं को रोजगार का एक बड़ा अवसर मिलने की उम्मीद है। अभ्यर्थियों को सलाह है कि वे आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होने वाले विज्ञापनों, पात्रता शर्तों और परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों पर नजर बनाए रखें।

Ad