बीमा पॉलिसी से जुड़ी शिकायतों के समाधान का मौका, 20 नवंबर को देहरादून में लगेगा विशेष शिविर
देहरादून। बीमा पॉलिसी से संबंधित समस्याओं, शिकायतों और विवादों के निपटारे के लिए देहरादून में विशेष शिकायत निवारण शिविर आयोजित किया जाएगा। यह शिविर 20 नवंबर को राजपुर रोड स्थित रेड फॉक्स होटल में लगाया जाएगा। सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक चलने वाले इस शिविर में पॉलिसीधारक अपनी शिकायतें और समस्याएं संबंधित अधिकारियों के सामने रख सकेंगे।
भारतीय बीमा विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (IRDAI) की पहल पर नवंबर माह को शिकायत समाधान माह के रूप में मनाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत देश के 16 शहरों में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि बीमा सेवाओं से जुड़े विवादों का समाधान किया जा सके और पॉलिसीधारकों को राहत मिल सके।
उत्तराखंड में इस अभियान के तहत शिविर आयोजित करने की जिम्मेदारी जनरल इंश्योरेंस काउंसिल ने इयूरिक कोटक जनरल इंश्योरेंस को सौंपी है। इसके तहत देहरादून में यह विशेष आयोजन किया जा रहा है।
शिविर में पॉलिसीधारकों को अपनी बीमा पॉलिसी से जुड़ी शिकायतें रखने और उनके समाधान के लिए संबंधित स्तर पर बातचीत करने का अवसर मिलेगा। इस पहल का उद्देश्य बीमा कंपनियों और ग्राहकों के बीच शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाना है।
बीमा क्षेत्र में पारदर्शिता बढ़ाने और ग्राहकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने की दिशा में इस अभियान को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पॉलिसीधारकों के लिए यह अपनी लंबित शिकायतों को सामने रखने का एक विशेष अवसर होगा।


