उत्तराखंड में मौसम ने ली करवट, बारिश-बर्फबारी के बाद लौटी धूप; मैदानी इलाकों में कोहरे के आसार

खबर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी का दौर थमने के बाद मौसम एक बार फिर सामान्य होने लगा है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सोमवार को आसमान साफ रहा और दिनभर धूप खिली रही। हालांकि, बीते दिनों हुई वर्षा और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का असर तापमान पर देखने को मिला। इसके चलते अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

राजधानी देहरादून सहित आसपास के इलाकों में सोमवार सुबह से ही धूप निकलने के कारण मौसम साफ बना रहा। दोपहर बाद हल्की हवाएं चलने से लोगों को सुहावने मौसम का एहसास हुआ। इसके बावजूद तापमान में आई गिरावट के चलते सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस की जा रही है। देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक, मंगलवार को भी प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, मैदानी क्षेत्रों में सुबह के समय हल्का कोहरा छा सकता है। फिलहाल बारिश और बर्फबारी को लेकर कोई विशेष संभावना नहीं जताई गई है। मौसम साफ रहने से दिन में धूप राहत दे सकती है, जबकि सुबह और शाम की ठंड बरकरार रहने के आसार हैं।

Ad