उत्तराखंड के स्कूल-कॉलेजों में चलेगा मतदाता जागरूकता अभियान, 22 नवंबर तक होंगी निबंध और क्विज प्रतियोगिताएं

खबर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड में युवाओं को लोकतंत्र की मजबूती और मतदान के महत्व से जोड़ने के लिए निर्वाचन विभाग विशेष पहल करने जा रहा है। प्रदेशभर के स्कूलों और महाविद्यालयों में विद्यार्थियों के बीच मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत निबंध लेखन और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) के माध्यम से होने वाली इन गतिविधियों में छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ चुनावी प्रक्रिया की जानकारी भी हासिल करेंगे।

इस संबंध में मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। प्रतियोगिताएं तीन स्तरों पर आयोजित की जाएंगी और इन्हें 22 नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक सोच विकसित करना और उन्हें जिम्मेदार मतदाता बनने के लिए प्रेरित करना है।

निबंध प्रतियोगिता के लिए तय किए गए दो विषय

निबंध लेखन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को ‘शुद्ध मतदाता सूची का महत्व’ और ‘मतदान का महत्व’ विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत करने होंगे। प्रतिभागियों को हिंदी, अंग्रेजी और संस्कृत में निबंध लिखने का अवसर मिलेगा।

शब्द सीमा भी शैक्षणिक स्तर के अनुसार निर्धारित की गई है। विद्यालय स्तर के विद्यार्थियों को 500 से 800 शब्दों में निबंध तैयार करना होगा, जबकि महाविद्यालय स्तर पर शब्द सीमा 800 से 1200 रखी गई है।

क्विज में परखी जाएगी चुनावी प्रक्रिया की जानकारी

प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के जरिए विद्यार्थियों को निर्वाचन व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी जाएगी। इसमें मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम), वीवीपैट, मतदान और मतगणना से संबंधित सवाल पूछे जाएंगे।

निर्वाचन विभाग की इस पहल से विद्यार्थियों को चुनावी व्यवस्था को करीब से समझने का अवसर मिलेगा। साथ ही उनमें मताधिकार के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी की भावना विकसित करने में मदद मिलेगी।

Ad