पांच लीटर कच्ची शराब बरामदगी मामले में आरोपी दोषी, पांच हजार रुपये का जुर्माना
न्यायिक मजिस्ट्रेट विकासनगर की अदालत ने कच्ची शराब बरामदगी के एक मामले में आरोपी विशंभर को आबकारी अधिनियम के तहत दोषी करार दिया है। अभियुक्त की ओर से अदालत में जुर्म स्वीकार किए जाने के बाद मामले का निस्तारण किया गया। न्यायालय ने उसे अदालत की कार्यवाही समाप्त होने तक न्यायिक अभिरक्षा में रखने की सजा सुनाई। साथ ही पांच हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है।
अर्थदंड की राशि जमा नहीं करने पर अभियुक्त को 15 दिन का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा।
अभियोजन पक्ष के मुताबिक, घटना आठ सितंबर 2025 की शाम की है। सहसपुर थाना क्षेत्र के प्रतीतपुर स्थित शिव मंदिर के सामने पुल के नीचे गुर्जर बस्ती की ओर जाने वाले मार्ग पर पुलिस ने विशंभर को गिरफ्तार किया था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से पांच लीटर कच्ची शराब बरामद होने का आरोप लगाया गया था।
मामले की सुनवाई के दौरान अभियुक्त ने अदालत में स्वेच्छा से अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने जुर्म स्वीकारोक्ति के आधार पर प्रकरण का निस्तारण करने की इच्छा जताते हुए न्यायालय से न्यूनतम दंड दिए जाने की अपील की थी। इसके बाद अदालत ने मामले में फैसला सुनाते हुए उसे दोषी ठहराया और निर्धारित सजा व जुर्माने का आदेश दिया।


