पहाड़ के दूरस्थ गांवों तक पहुंचेगी स्वास्थ्य सेवा, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ को मिले आरोग्य रथ
देहरादून। उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं को अधिक सुलभ बनाने की दिशा में सरकार ने एक और पहल की है। अब अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ के दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सामान्य स्वास्थ्य जांच और प्राथमिक उपचार के लिए लंबी दूरी तय करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को दो मोबाइल मेडिकल यूनिट ‘आरोग्य रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से रवाना किए गए इन दोनों वाहनों का उद्देश्य पहाड़ के उन गांवों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, जहां भौगोलिक परिस्थितियों और दूरी के कारण चिकित्सा सुविधाओं तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण रहता है। आरोग्य रथ के माध्यम से स्थानीय लोगों को उनके आसपास ही प्राथमिक चिकित्सा, स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा मिल सकेगी।
यह पहल पर्नोड रिकार्ड इंडिया फाउंडेशन के कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) कार्यक्रम के तहत शुरू की गई है। इसका संचालन टीएसएल फाउंडेशन की ओर से किया जा रहा है। दोनों मोबाइल मेडिकल यूनिट संबंधित जिलों के दूरस्थ क्षेत्रों में पहुंचकर जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद करेंगी।
इस पहल से विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के बुजुर्गों, महिलाओं और उन लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है, जिन्हें छोटी-मोटी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए भी अस्पताल पहुंचने में काफी समय और संसाधन खर्च करने पड़ते हैं।
पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता लंबे समय से एक बड़ी चुनौती रही है। ऐसे में मोबाइल मेडिकल यूनिट के जरिए चिकित्सा सुविधाओं को गांवों के करीब पहुंचाने की यह पहल ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।


