जिले की 32 हजार विधवा पेंशनरों को इंतजार, त्योहारों के बाद भी समय पर नहीं मिली पेंशन
जिले में विधवा पेंशन पाने वाली हजारों महिलाओं को समय पर आर्थिक सहायता नहीं मिल पा रही है। पेंशन में देरी के चलते जरूरतमंद महिलाओं को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खास बात यह है कि शिकायत दर्ज कराने के लिए विभाग की ओर से कोई टोल फ्री नंबर भी उपलब्ध नहीं कराया गया है, जिससे पेंशन संबंधी समस्याओं के समाधान में महिलाओं को दिक्कतें हो रही हैं।
जिले में करीब 32 हजार महिलाएं विधवा पेंशन योजना का लाभ ले रही हैं। इन सभी लाभार्थियों की पेंशन जारी करने की जिम्मेदारी जिला प्रोबेशन कार्यालय के पास है। पेंशन समय पर नहीं मिलने से महिलाओं को रोजमर्रा की जरूरतों और घरेलू खर्चों का प्रबंधन करने में परेशानी उठानी पड़ रही है।
इस संबंध में जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट ने बताया कि त्योहारी सीजन के दौरान लगातार सरकारी अवकाश होने के कारण पेंशन से संबंधित बिल समय पर तैयार कर जमा नहीं हो सके। इसी वजह से भुगतान की प्रक्रिया प्रभावित हुई। विभाग की ओर से पेंशन जारी करने की प्रक्रिया में देरी का कारण छुट्टियों को बताया गया है।
अब देखना होगा कि पेंशन भुगतान की प्रक्रिया कब तक पूरी होती है और लाभार्थी महिलाओं को उनकी रुकी हुई आर्थिक सहायता कब तक मिल पाती है।


