बनबसा में खेल प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच, डेढ़ करोड़ से बनेगा आधुनिक बैडमिंटन हाल

खबर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्र बनबसा में खेल सुविधाओं को नई मजबूती देने की दिशा में पहल की गई है। यहां स्वतंत्रता सेनानी कैप्टन करम चंद स्टेडियम में डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक बैडमिंटन हाल का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस परियोजना का शिलान्यास किया। नई सुविधा से क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलने की उम्मीद है।

यह परियोजना उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड (यूजेवीएनएल) की ओर से कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत तैयार की जा रही है। बैडमिंटन हाल के निर्माण से बनबसा और आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा। साथ ही, उन्हें विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं की तैयारी करने में भी मदद मिलेगी।

खेल सुविधाओं के विस्तार पर जोर

सीमांत क्षेत्रों में खेल संसाधनों की उपलब्धता युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर देने के साथ स्थानीय खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभा सकती है। आधुनिक बैडमिंटन हाल बनने से खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बेहतर आधार मिलेगा। इससे क्षेत्र में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने और युवाओं की खेलों के प्रति रुचि बढ़ने की संभावना है।

यूजेवीएनएल के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने कहा कि निगम का उद्देश्य केवल विद्युत उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि परियोजना क्षेत्रों के सामाजिक और आर्थिक विकास में योगदान देना भी है। इसी उद्देश्य से सीएसआर के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। सीमांत क्षेत्रों में खेल सुविधाओं का विस्तार होने से स्थानीय युवाओं को अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर अवसर मिल सकेंगे।

ऊर्जा उत्पादन के साथ सामाजिक विकास में योगदान

बनबसा के निकट लोहियाहेड में स्थित यूजेवीएनएल की 41.4 मेगावाट क्षमता वाली खटीमा जल विद्युत परियोजना प्रदेश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में योगदान दे रही है। निगम की ओर से सीएसआर के तहत खेल सुविधाओं के विकास की यह पहल क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

शिलान्यास कार्यक्रम में राज्य मंत्री सुभाष भगोली, किरण देवी, नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा देवी, जिलाधिकारी मनीष कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Ad