उत्तराखंड कांग्रेस संगठन में ऋषिकेश के नेताओं को मिली अहम जिम्मेदारियां

खबर शेयर करें -

विजय सारस्वत को मेनिफेस्टो विभाग में उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी, जयेन्द्र रमोला सहित अन्य नेताओं की भी नियुक्ति

ऋषिकेश। उत्तराखंड कांग्रेस संगठन में ऋषिकेश से जुड़े कई नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) की ओर से की गई इन नियुक्तियों को प्रदेश में पार्टी संगठन को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।वरिष्ठ कांग्रेस नेता विजय सारस्वत को मेनिफेस्टो विभाग में उपाध्यक्ष (वाइस प्रेसिडेंट) की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव जयेन्द्र रमोला को प्रदेश ओबीसी विभाग का प्रभारी नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव राकेश सिंह एडवोकेट को प्रदेश संपत्ति प्रभारी (एसेट्स इंचार्ज) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रदेश सचिव सोहनलाल रतूड़ी को डोईवाला विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी तथा प्रदेश सचिव राकेश अग्रवाल को राजपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी नियुक्त किया गया है।

इन नियुक्तियों के जरिए पार्टी के विभिन्न विभागों में समन्वय स्थापित करने, संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और विधानसभा स्तर पर संगठन को अधिक सक्रिय बनाने का प्रयास किया गया है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में इन नियुक्तियों को लेकर उत्साह है। पार्टी नेताओं को उम्मीद है कि नवनियुक्त पदाधिकारी अपने अनुभव और संगठनात्मक क्षमता के माध्यम से कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और प्रदेश में संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Ad