खेत में पहुंचीं डीएम नितिका खण्डेलवाल, धान की कटाई-मड़ाई कर परखी उपज

खबर शेयर करें -

टिहरी गढ़वाल। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने नरेंद्रनगर तहसील के ग्राम ओणी के राजस्व ग्राम तलाई में धान की फसल की क्रॉप कटिंग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों के साथ स्वयं धान की कटाई और मड़ाई कर प्राप्त उपज का जायजा लिया। साथ ही किसान से फसल की स्थिति और उत्पादन के संबंध में जानकारी ली।

राजस्व विभाग की ओर से कृषक जोत सिंह पुण्डीर के खेत में 10×3 वर्ग मीटर का प्लॉट तैयार कर क्रॉप कटिंग प्रयोग किया गया। इसमें कुल 8 किलो 955 ग्राम धान प्राप्त हुआ। निर्धारित प्रक्रिया के तहत फसल को सुखाने के बाद 15 दिन पश्चात उपज का वास्तविक आकलन किया जाएगा। क्रॉप कटिंग प्रयोग की प्रक्रिया सीसीई एग्री ऐप के माध्यम से दर्ज की गई।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने किसान से धान की किस्म और बीज के संबंध में जानकारी ली।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को क्रॉप कटिंग प्रयोग निर्धारित मानकों के अनुसार पारदर्शिता और सटीकता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने बताया कि क्रॉप कटिंग से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर फसलों की औसत उपज और कुल उत्पादन का आकलन किया जाता है। इन आंकड़ों का उपयोग फसल क्षति की स्थिति में मुआवजा और फसल बीमा राशि निर्धारित करने में भी किया जाता है।

इस दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इच्छुक किसानों तक विभागीय योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के अवसर पर उपजिलाधिकारी नरेंद्रनगर आशीष चन्द्र घिल्डियाल, डीपीआरओ एम.एम. खान, एडीपीआरओ राकेश शर्मा, कानूनगो राय सिंह, पटवारी विनोद राणा सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।स्रोत: जिला सूचना कार्यालय, टिहरी गढ़वाल।

Ad