दीपावली से पहले देहरादून के बाजारों में बढ़ी रौनक, रंग-बिरंगी झालरों और सजावटी सामान की बढ़ी मांग

खबर शेयर करें -

देहरादून। दीपावली के त्योहार में अभी समय है, लेकिन राजधानी देहरादून के बाजारों में इसकी तैयारियों की झलक दिखने लगी है। घरों को आकर्षक अंदाज में सजाने के लिए लोग अभी से खरीदारी करने बाजार पहुंच रहे हैं। दुकानों से लेकर सड़कों तक सजे रंग-बिरंगे सजावटी सामान त्योहार के माहौल को खास बना रहे हैं। पलटन बाजार समेत शहर के प्रमुख बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने लगी है।

त्योहारी सीजन के साथ ही बाजार में सजावट से जुड़ी वस्तुओं की मांग में तेजी आने लगी है। घर के मुख्य द्वार से लेकर बालकनी और कमरों को रोशनी से सजाने के लिए लोग अपनी पसंद के अनुसार सामान खरीद रहे हैं। बाजार में एलईडी झालर, रंगीन लाइटें, फूलों की लड़ियां, कृत्रिम फूल, तोरण, दीये, मोमबत्तियां और लक्ष्मी-गणेश की सजावटी प्रतिमाएं उपलब्ध हैं। इसके अलावा उपहारों की दुकानों पर भी ग्राहकों को कई विकल्प मिल रहे हैं।

बजट के हिसाब से खरीदारी कर रहे लोग

बाजार में कम कीमत से लेकर महंगे सजावटी सामान तक की कई वैरायटी मौजूद हैं। ऐसे में ग्राहक अपनी जरूरत और बजट के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं। कोई घर के प्रवेश द्वार को सजाने के लिए तोरण और फूलों की झालर पसंद कर रहा है, तो कोई बालकनी और कमरों को रोशन करने के लिए आकर्षक लाइटें खरीद रहा है। त्योहार पर रिश्तेदारों और परिचितों को उपहार देने के लिए भी लोग बाजार का रुख कर रहे हैं।

35 रुपये से शुरू है सजावटी लड़ियों की कीमत

व्यापारी शुभम जैन के अनुसार, बाजार में सजावटी लड़ियों की खरीदारी शुरू हो गई है। उनकी दुकान पर लड़ियां 35 रुपये से लेकर 250 रुपये तक की कीमत में उपलब्ध हैं। वहीं, फूलों की झालरों की कीमत 150 रुपये से 450 रुपये तक है। उन्होंने बताया कि लोग अपनी पसंद के अनुसार अलग-अलग डिजाइन और कीमतों वाले सजावटी सामान खरीद रहे हैं।

वहीं, हनुमान चौक के व्यापारी शिवांश ने बताया कि बाजार में फूलों की झालर समेत घर सजाने से जुड़ी विभिन्न वस्तुओं की खरीदारी की जा रही है।

त्योहार नजदीक आने के साथ बढ़ेगी बाजार की रौनक

दीपावली पर घरों को रोशनी और सजावट से संवारने की परंपरा के चलते बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। फिलहाल लोग सजावटी सामान की खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं। त्योहार नजदीक आने के साथ बाजारों में ग्राहकों की चहल-पहल और बढ़ने की उम्मीद है। दुकानदारों को भी त्योहारी खरीदारी में तेजी आने की आस है।

Ad