संस्कृत सीखने के लिए नहीं खर्च करने होंगे ज्यादा पैसे, 1500 रुपये में मिलेगा आठ माह का प्रशिक्षण

खबर शेयर करें -

देहरादून। भारतीय ज्ञान परंपरा और संस्कृत भाषा से जुड़ने के इच्छुक लोगों के लिए अच्छी खबर है। उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय में संस्कृत भाषा के सर्टिफिकेट और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के सहयोग से संचालित सेंटर फॉर संस्कृत लर्निंग (CSL) के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए इच्छुक अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

इन पाठ्यक्रमों का उद्देश्य संस्कृत को केवल पढ़ने तक सीमित न रखते हुए इसे समझने, बोलने और दैनिक संवाद में इस्तेमाल करने का व्यावहारिक ज्ञान देना है। आठ माह की अवधि वाले इन कोर्स के माध्यम से अभ्यर्थियों को संस्कृत भाषा की बुनियादी जानकारी से लेकर संवाद और वाक्य निर्माण तक का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

15 वर्ष की आयु में कर सकते हैं आवेदन

सर्टिफिकेट पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 15 वर्ष निर्धारित की गई है। वहीं, डिप्लोमा पाठ्यक्रम में दाखिला लेने के लिए सर्टिफिकेट कोर्स उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। इस व्यवस्था के तहत शुरुआती स्तर से संस्कृत सीखने वाले अभ्यर्थियों के साथ ही पहले से भाषा का ज्ञान रखने वाले लोग भी अपनी दक्षता बढ़ा सकेंगे।

पढ़ने के साथ बोलने का भी मिलेगा प्रशिक्षण

पाठ्यक्रम में देवनागरी लिपि की जानकारी, संस्कृत के शुद्ध उच्चारण, शब्दावली, वाक्य निर्माण और संस्कृत में बातचीत करने का अभ्यास कराया जाएगा। इसके अलावा शास्त्रीय श्लोकों और संस्कृत कथाओं के पठन के माध्यम से भाषा को समझने की क्षमता विकसित की जाएगी।

विश्वविद्यालय परिसर में सोमवार से शुक्रवार तक नियमित कक्षाएं संचालित होंगी। प्रत्येक दिन डेढ़ घंटे की कक्षा निर्धारित की गई है। इससे अभ्यर्थियों को नियमित अभ्यास के जरिए भाषा सीखने का अवसर मिलेगा।

1500 रुपये में पूरा होगा आठ माह का कोर्स

दोनों पाठ्यक्रमों के लिए कुल शुल्क 1500 रुपये निर्धारित किया गया है। इसमें 1200 रुपये पाठ्यक्रम शुल्क और 300 रुपये परीक्षा शुल्क शामिल हैं। पाठ्यक्रम और निर्धारित परीक्षा सफलतापूर्वक पूरी करने वाले पात्र अभ्यर्थियों को केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के नियमानुसार प्रमाणपत्र के साथ आठ क्रेडिट प्रदान किए जाएंगे। परीक्षा ऑनलाइन माध्यम से आयोजित होगी।

ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन

संस्कृत भाषा सीखने के इच्छुक अभ्यर्थी आधिकारिक पोर्टल csucsl.samarth.edu.in पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं और आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। पंजीकरण से संबंधित किसी भी सहायता के लिए 7807281959 पर संपर्क किया जा सकता है।

उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. शिवकुमार बरनवाल के अनुसार, इन पाठ्यक्रमों का उद्देश्य संस्कृत भाषा के व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ावा देना और अधिक से अधिक लोगों को भारतीय ज्ञान परंपरा से परिचित कराना है। कम शुल्क और नियमित प्रशिक्षण के माध्यम से यह पहल संस्कृत सीखने के इच्छुक लोगों के लिए उपयोगी अवसर उपलब्ध कराती है।

Ad