छुट्टियों में मसूरी-धनोल्टी गुलजार, स्टार होटलों में नहीं बची जगह; पर्यटकों से बाजारों में रौनक
मसूरी। छुट्टियों के चलते पहाड़ों की रानी मसूरी में पर्यटन का रंग चढ़ने लगा है। मसूरी से लेकर धनोल्टी और काणाताल तक पर्यटकों की आवाजाही बनी हुई है। प्रमुख पर्यटन स्थलों, पिकनिक स्पाट और बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई है। वहीं, पर्यटकों की बढ़ती संख्या का असर होटलों की बुकिंग और शहर की यातायात व्यवस्था पर भी दिखाई देने लगा है।
मसूरी मालरोड पर शाम होते ही पर्यटकों की भीड़ बढ़ रही है। देर रात तक बाजारों और सड़कों पर रौनक बनी रहने से पर्यटन कारोबार को भी गति मिल रही है। मसूरी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल के अनुसार, शहर के स्टार होटल पूरी तरह पैक हो चुके हैं, जबकि मध्यम श्रेणी के होटलों, गेस्ट हाउस और होमस्टे में 70 से 80 प्रतिशत तक कमरे बुक हैं।
प्रमुख पर्यटन स्थलों पर बढ़ी चहल-पहल
छुट्टियों का आनंद लेने के लिए पर्यटक मसूरी के लोकप्रिय स्थलों का रुख कर रहे हैं। कंपनी बाग, जार्ज एवरेस्ट, चार दुकान, लालटिब्बा, कैम्पटी फाल, भट्टा फाल, दलाई हिल और गनहिल में पर्यटकों की आवाजाही बनी हुई है। इसके साथ ही धनोल्टी और काणाताल में भी सैलानियों की संख्या बढ़ रही है।
अटल उद्यान की झील पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। यहां पहुंच रहे लोग बोटिंग और राइनो राइडिंग का आनंद ले रहे हैं। परिवारों और दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे पर्यटक प्राकृतिक नजारों के बीच छुट्टियों का लुत्फ उठा रहे हैं।
कुछ स्थानों पर यातायात का दबाव
पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही के बीच सोमवार को सुबह से दोपहर बाद तक शहर में यातायात अपेक्षाकृत सामान्य रहा। हालांकि, अटल उद्यान और वैवरली चौराहे पर सड़क की कम चौड़ाई के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई और जाम की स्थिति बनी। पर्यटन स्थलों पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए यातायात प्रबंधन भी अहम हो गया है।
कुल मिलाकर, छुट्टियों के दौरान मसूरी और आसपास के पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की मौजूदगी से रौनक बढ़ी हुई है। होटलों में अच्छी बुकिंग और बाजारों में बढ़ती चहल-पहल पर्यटन कारोबार के लिए उत्साहजनक संकेत हैं। आने वाले दिनों में पर्यटकों की आवाजाही बनी रहने पर शहर के प्रमुख स्थलों और संपर्क मार्गों पर भीड़ का दबाव बढ़ सकता है।


