स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण में खुली व्यवस्थाओं की पोल, डीएम ने जताई नाराजगी; अनुपस्थित एएनएम पर कार्रवाई के निर्देश

खबर शेयर करें -

टिहरी गढ़वाल: स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और व्यवस्थाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने आयुष आरोग्य मंदिर ढालवाला का निरीक्षण किया। इस दौरान स्वास्थ्य केंद्र में साफ-सफाई, कर्मचारियों की उपस्थिति और उपकरणों के रखरखाव में खामियां सामने आने पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने लंबे समय से अनुपस्थित चल रही एएनएम के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने और व्यवस्थाओं में लापरवाही को लेकर संबंधित प्रभारी चिकित्सा अधिकारी (एमओआईसी) से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए।

साफ-सफाई से लेकर रखरखाव तक मिली खामियां

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य उपकेंद्र परिसर के आसपास झाड़ियां उगी मिलीं। साफ-सफाई और रखरखाव की स्थिति भी संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य केंद्रों में स्वच्छता बनाए रखने के साथ उपलब्ध संसाधनों का व्यवस्थित रखरखाव भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

उपस्थिति पंजिका और टीकाकरण रिकॉर्ड की जांच

जिलाधिकारी ने कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका सहित विभिन्न अभिलेखों का निरीक्षण कर कार्य व्यवस्था की जानकारी ली। इस दौरान टीकाकरण रिकॉर्ड, कोल्ड चेन तापमान पंजिका, उपलब्ध उपकरणों और जैव चिकित्सा अपशिष्ट के निस्तारण की व्यवस्था भी परखी गई। निरीक्षण में अभिलेखों के व्यवस्थित रखरखाव और संसाधनों की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराने की आवश्यकता सामने आई।

डीप फ्रीजर की स्थिति स्पष्ट नहीं, अधिकारियों से मांगा विवरण

स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध डीप फ्रीजर की संख्या और उनकी कार्यशील स्थिति के संबंध में भी जिलाधिकारी ने जानकारी मांगी। हालांकि, इस दौरान उपकरणों की कुल संख्या और कितने डीप फ्रीजर चालू अथवा खराब हैं, इसका स्पष्ट विवरण उपलब्ध नहीं हो सका। डीएम ने सभी उपकरणों और संसाधनों का सही रिकॉर्ड तैयार रखने तथा अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति, परिसर की साफ-सफाई और स्वास्थ्य सुविधाओं का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि व्यवस्थाओं में सुधार कर आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी नरेंद्रनगर आशीष चंद्र घिल्डियाल, जिला प्रोबेशन अधिकारी ज्योति पटवाल सहित अन्य संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।

Ad