विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी उक्रांद, 18 प्रत्याशियों के नामों पर मंथन; पांच दिसंबर को होगा बड़ा फैसला

खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने भी चुनावी तैयारियों को गति दे दी है। पार्टी ने 18 संभावित प्रत्याशियों की सूची तैयार की है। इन नामों पर पांच दिसंबर को होने वाली संसदीय बोर्ड की बैठक में चर्चा के बाद औपचारिक घोषणा की जाएगी।

उक्रांद के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती के अनुसार, पार्टी आगामी चुनाव में प्रदेश से जुड़े बुनियादी सवालों और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। उन्होंने कहा कि गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने, मूल निवास, जल-जंगल-जमीन की रक्षा, बेरोजगारी, महिला उत्पीड़न और भ्रष्टाचार जैसे विषय पार्टी के चुनावी एजेंडे में शामिल रहेंगे। इसके अलावा उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच परिसंपत्तियों के बंटवारे का मुद्दा भी जनता के बीच उठाया जाएगा।

भाजपा-कांग्रेस के नेताओं के संपर्क में होने का दावा

पार्टी अध्यक्ष ने दावा किया कि भाजपा और कांग्रेस के कई नेता उक्रांद के संपर्क में हैं। इनमें पांच पूर्व विधायक भी शामिल बताए जा रहे हैं। हालांकि, उन्होंने फिलहाल किसी भी नेता के नाम का खुलासा नहीं किया है। उनका कहना है कि चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने और प्रदेश के सभी क्षेत्रों में पार्टी की राजनीतिक पकड़ बढ़ाने पर काम किया जा रहा है।

पांच दिसंबर को प्रत्याशियों के नामों पर लगेगी मुहर

उक्रांद पहले ही 17 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर चुका है। अब पांच दिसंबर को संसदीय बोर्ड की बैठक में आगामी प्रत्याशियों के नामों पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। बैठक के बाद दूसरी सूची जारी करने की तैयारी है।

पार्टी का लक्ष्य चुनाव से पहले संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के साथ क्षेत्रीय मुद्दों को लेकर जनता के बीच अपनी सक्रियता बढ़ाना है। ऐसे में पांच दिसंबर की बैठक को उक्रांद की आगामी चुनावी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Ad