उत्तराखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज, चार दिन खिलेगी धूप; ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार
देहरादून। पोस्ट मानसून बारिश के बाद प्रदेश में बढ़ी ठंड से अब लोगों को राहत मिलने लगी है। बीते दो दिनों से मौसम साफ रहने और धूप खिलने के कारण पहाड़ से लेकर मैदान तक तापमान में सुधार महसूस किया जा रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि, कुछ पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है।
पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी के आसार
रविवार को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, समुद्र तल से 3,800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम सामान्यतः साफ रहने और धूप खिलने का अनुमान है।
दून में दिन का तापमान 30 डिग्री के पार
शनिवार को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहा, जिससे लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली। देहरादून में अधिकतम तापमान एक डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 15 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन में तेज धूप और सुबह-शाम हल्की ठंड के चलते मौसम में उतार-चढ़ाव बना हुआ है।
22 अक्टूबर तक मौसम रहेगा शुष्क
मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, 19 से 22 अक्टूबर तक उत्तराखंड के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान धूप खिलने से पर्वतीय इलाकों में ठंड का असर कुछ कम हो सकता है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में भी मौसम साफ बना रहेगा। हालांकि, 23 अक्टूबर से प्रदेश के मौसम में दोबारा बदलाव देखने को मिल सकता है।
फिलहाल मौसम साफ रहने से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन ऊंचाई वाले क्षेत्रों में संभावित बर्फबारी को देखते हुए पर्वतीय इलाकों की यात्रा करने वालों को मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही निकलने की सलाह दी जाती है।


