बर्फबारी के बीच वन्यजीवों पर मंडरा सकता है शिकार का खतरा, उत्तराखंड में वन विभाग सतर्क

खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में सर्दियों की आहट के साथ ही उच्च हिमालयी क्षेत्रों में वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर वन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी बर्फबारी को देखते हुए प्रदेश के संबंधित वन प्रभागों, राष्ट्रीय उद्यानों और वन्यजीव अभयारण्यों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीवों की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

दरअसल, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ जमने के बाद वहां रहने वाले कई वन्यजीव भोजन और अनुकूल परिस्थितियों की तलाश में निचले क्षेत्रों की ओर आने लगते हैं। इनमें हिम तेंदुआ, घुरल और भरल सहित कई अन्य प्रजातियां शामिल हैं। वन्यजीवों की इस आवाजाही के दौरान उनके अवैध शिकार और तस्करी का खतरा भी बढ़ जाता है। शिकारी ऐसे मौसम का फायदा उठाने की कोशिश करते हैं।

पिछले वर्षों में भी सर्दियों के दौरान बर्फबारी के बाद निचले इलाकों में पहुंचे वन्यजीवों के शिकार की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसी अनुभव को देखते हुए वन विभाग ने इस बार पहले से ही निगरानी व्यवस्था मजबूत करने का निर्णय लिया है।

अपर प्रमुख मुख्य वन संरक्षक डॉ. विवेक पांडेय के अनुसार, उच्च हिमालयी क्षेत्रों के लिए अलर्ट जारी कर दिया गया है। वनकर्मियों को 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में खुफिया तंत्र को मजबूत बनाने और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने को कहा गया है।

वन विभाग ने सभी वन प्रभागों, राष्ट्रीय उद्यानों और अभयारण्यों के अधिकारियों को अपनी सीमाओं पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। जिन रास्तों और क्षेत्रों से वन्यजीव बर्फबारी के दौरान निचले इलाकों की ओर आते हैं, वहां भी अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा गया है।

सर्दियों में वन्यजीवों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना विभाग के लिए बड़ी चुनौती है। ऐसे में निगरानी बढ़ाने, शिकारियों पर नजर रखने और वनकर्मियों की सक्रियता के जरिए दुर्लभ वन्यजीवों को सुरक्षित रखने की तैयारी की जा रही है।

Ad