14 बीघा को मिलेगी नई पहचान, प्रवेश द्वार निर्माण की रखी गई नींव
मुनिकीरेती, 18 अक्टूबर। नगर पालिका परिषद मुनि की रेती-ढालवाला के वार्ड संख्या 6, 14 बीघा में भव्य प्रवेश द्वार के निर्माण के लिए नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण एवं वार्ड सभासद बबीता रमोला ने भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर क्षेत्र के स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने कहा कि प्रवेश द्वार किसी भी क्षेत्र की पहचान और सुंदरता का प्रतीक होते हैं। ऋषिकेश से मुनि की रेती क्षेत्र में प्रवेश के प्रारंभिक स्थल पर निर्मित यह द्वार क्षेत्र को नई पहचान प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र की सीमाओं पर आवश्यकतानुसार ऐसे प्रवेश द्वारों का निर्माण कराया जाएगा, जिससे सौंदर्यीकरण को बढ़ावा मिले और विकास कार्यों को गति मिले।
वहीं, सभासद प्रतिनिधि अजय रमोला ने कहा कि यह प्रवेश द्वार केवल एक निर्माण कार्य नहीं बल्कि क्षेत्र की पहचान, गौरव और विकास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वार्ड में स्वच्छता, सफाई व्यवस्था और जनहित से जुड़े अन्य विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने वार्ड के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए नगर पालिका अध्यक्ष, सभासद और जनप्रतिनिधियों की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि जनता के सहयोग से क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने के प्रयास जारी रहेंगे।
कार्यक्रम में वार्ड के क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। उन्होंने प्रवेश द्वार के लोकार्पण पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के विकास और सौंदर्यीकरण की दिशा में सराहनीय पहल बताया।


