आज उत्तराखंड के नए राज्यपाल की शपथ, लोकभवन में होगा समारोह; डा. ढाल सिंह बिसेन संभालेंगे जिम्मेदारी

खबर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड को आज नया राज्यपाल मिलने जा रहा है। मनोनीत राज्यपाल डा. ढाल सिंह बिसेन सोमवार को लोकभवन में आयोजित समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर औपचारिक रूप से अपना कार्यभार संभालेंगे। सुबह 11 बजे होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में उत्तराखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश उन्हें शपथ दिलाएंगे। समारोह को लेकर लोकभवन में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर हुआ स्वागत

डा. ढाल सिंह बिसेन रविवार शाम उत्तराखंड पहुंचे। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर पुलिस की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान उन्होंने परेड का निरीक्षण भी किया। एयरपोर्ट पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ और जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।

लोकभवन पहुंचने पर अधिकारियों ने की अगवानी

जौलीग्रांट एयरपोर्ट से लोकभवन पहुंचने पर भी मनोनीत राज्यपाल का अधिकारियों ने स्वागत किया। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव रविनाथ रमन, हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल केके शुक्ल, सचिव प्रोटोकॉल विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप और आईजी विम्मी सचदेवा रमन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

सोमवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के साथ ही डा. ढाल सिंह बिसेन उत्तराखंड के राज्यपाल के रूप में अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी संभालेंगे। समारोह में प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों और अन्य गणमान्य लोगों के शामिल होने की संभावना है।

Ad