चमोली में 4.9 तीव्रता का भूकंप, देहरादून समेत कई इलाकों में महसूस हुए झटके; दहशत में घरों से बाहर निकले लोग

खबर शेयर करें -

चमोली: उत्तराखंड में मंगलवार देर रात भूकंप के तेज झटकों से लोग सहम उठे। चमोली जिले में आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.9 दर्ज की गई। भूकंप के झटके चमोली के अलावा देहरादून समेत प्रदेश के कई अन्य हिस्सों में भी महसूस किए गए। अचानक धरती हिलने से लोगों में दहशत फैल गई और कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।

उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (USDMA) के अनुसार, भूकंप के झटके रात करीब 10 बजकर 23 मिनट पर महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र चमोली जिले में दर्ज किया गया, जबकि इसकी गहराई धरती की सतह से करीब 13 किलोमीटर नीचे बताई गई है।

नारायणबगड़ के पास बताया गया भूकंप का केंद्र

प्रारंभिक सूचना के अनुसार, भूकंप का केंद्र चमोली जिले के नारायणबगड़ के आसपास बताया गया है। शुरुआती अलर्ट में भूकंप की तीव्रता 4.4 आंकी गई थी, लेकिन बाद में आधिकारिक आंकड़ों में इसकी तीव्रता 4.9 दर्ज की गई।

भूकंप के झटके महसूस होते ही लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई लोग एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए और खुले स्थानों पर पहुंच गए। पहाड़ी क्षेत्रों में भूकंप के झटकों के बाद लोग काफी देर तक सतर्क नजर आए।

फिलहाल जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं

अधिकारियों के मुताबिक, भूकंप के बाद फिलहाल कहीं से भी जान-माल के नुकसान या किसी बड़े नुकसान की आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। संबंधित विभागों और स्थानीय प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

उत्तराखंड भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील हिमालयी क्षेत्र में आता है। ऐसे में भूकंप के झटके महसूस होने के बाद प्रशासन भी सतर्क हो गया है और किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए निगरानी रखी जा रही है।

Ad