चारधाम यात्रा ने रचा नया इतिहास, 56.18 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड की चारधाम यात्रा ने नया ऐतिहासिक रिकॉर्ड कायम किया है। इस वर्ष चारधाम यात्रा में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 56,18,497 के आंकड़े को पार कर गई है। इसके साथ ही वर्ष 2023 में दर्ज सर्वाधिक श्रद्धालुओं के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए चारधाम यात्रा ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है।चारधाम यात्रा के प्रति देश और दुनिया के श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। केदारनाथ धाम, बदरीनाथ धाम, गंगोत्री और यमुनोत्री के दर्शन के लिए इस वर्ष रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंचे हैं। श्रद्धालुओं की संख्या में हुई यह ऐतिहासिक वृद्धि प्रदेश में बढ़ते धार्मिक पर्यटन और देवभूमि के प्रति लोगों की आस्था को दर्शाती है।
यात्रा व्यवस्थाओं को बनाया गया सुरक्षित और सुगम
राज्य सरकार की ओर से चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की गई हैं। यात्रा मार्गों पर स्वास्थ्य सेवाओं, यातायात प्रबंधन, पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग और आवास जैसी सुविधाओं को लगातार मजबूत किया गया है। इसके साथ ही आपदा प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया।
यात्रा के दौरान प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, एसडीआरएफ सहित विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया, जिससे यात्रा संचालन को प्रभावी बनाने में मदद मिली।
बेहतर कनेक्टिविटी से बढ़ा धार्मिक पर्यटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केदारनाथ और बदरीनाथ धाम समेत उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर अवस्थापना सुविधाओं के विकास ने प्रदेश की आध्यात्मिक पहचान को और मजबूती दी है। बेहतर सड़क और अन्य कनेक्टिविटी के साथ यात्री सुविधाओं के विस्तार का सकारात्मक असर चारधाम यात्रा में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या के रूप में दिखाई दे रहा है।
सीएम धामी बोले- हर श्रद्धालु हमारा अतिथि
चारधाम यात्रा में नया रिकॉर्ड बनने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु राज्य का अतिथि है। सरकार का प्रयास है कि हर श्रद्धालु की यात्रा सुरक्षित, सुगम और सुखद हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड संख्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में विकसित हो रही बेहतर सुविधाओं और श्रद्धालुओं के बढ़ते विश्वास का प्रमाण है।
उन्होंने चारधाम यात्रा के सफल संचालन में योगदान देने वाले प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, एसडीआरएफ, स्थानीय निकायों, तीर्थ पुरोहितों, स्थानीय निवासियों और यात्रा व्यवस्था से जुड़े सभी कार्मिकों के प्रयासों की भी सराहना की।चारधाम यात्रा में बना यह नया रिकॉर्ड उत्तराखंड के धार्मिक पर्यटन के बढ़ते प्रभाव और देशभर के श्रद्धालुओं की देवभूमि के प्रति मजबूत आस्था को दर्शाता है।


