ऋषिकेश में नाबालिग से कुकर्म के प्रयास का आरोप, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
ऋषिकेश: ऋषिकेश में एक नाबालिग बालक के साथ कुकर्म का प्रयास करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। मामले में पीड़ित की मां की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे वीरभद्र मंदिर के पीछे जंगल की ओर साईं घाट जाने वाले रास्ते से पकड़ लिया।
ऋषिकेश कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक यशपाल बिष्ट के मुताबिक, कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने पुलिस को शिकायत दी थी। महिला ने आरोप लगाया कि नौ नवंबर को रोहित नाम के व्यक्ति ने उनके नाबालिग बेटे के साथ कुकर्म करने का प्रयास किया। आरोपी लक्सर, हरिद्वार का निवासी बताया गया है।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम को मिली सूचना के आधार पर संभावित ठिकानों पर तलाश की गई। इसी क्रम में पुलिस ने वीरभद्र मंदिर के पीछे साईं घाट जाने वाले मार्ग से आरोपी रोहित को गिरफ्तार कर लिया। मामले में पुलिस की आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


