भाई दूज पर दर्दनाक हादसा: ननिहाल जा रहे तीन साल के मासूम की सड़क दुर्घटना में मौत, माता-पिता और भाई घायल

खबर शेयर करें -

हरिद्वार: भाई दूज के पर्व पर एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। हरिद्वार-नजीबाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार तीन साल के मासूम की जान चली गई, जबकि उसके माता-पिता और छोटा भाई घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, श्यामपुर कोतवाली क्षेत्र के गाजीवाली निवासी अंकित कुमार मंगलवार शाम अपनी पत्नी माया और दो बेटों चिराग (3 वर्ष) व ध्यान (1 वर्ष) के साथ बाइक से बिजनौर जिले के मंडावली स्थित अपनी ससुराल जा रहे थे।

इसी दौरान रसियाबड़ के पास हाईवे के सिंगल रोड पर पीछे से आए एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही परिवार के सदस्य सड़क पर गिर पड़े। हादसे में तीन वर्षीय चिराग उछलकर दूर जा गिरा और इसी दौरान दूसरे वाहन की चपेट में आ गया। गंभीर हादसे में मासूम की मौके पर ही मौत हो गई।

दुर्घटना में अंकित कुमार, उनकी पत्नी माया और एक वर्षीय बेटा ध्यान भी घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। श्यामपुर कोतवाली प्रभारी नितेश शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे के बाद मामले की जांच की जा रही है।

Ad