उत्तराखंड के तीन पहाड़ी जिलों में बदलेगा मौसम, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार
देहरादून। उत्तराखंड में नवंबर के दूसरे पखवाड़े की शुरुआत के साथ ही मौसम का मिजाज बदलने के संकेत मिलने लगे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, गुरुवार 12 नवंबर को प्रदेश के तीन पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश के साथ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी देखने को मिल सकती है। वहीं, मैदानी इलाकों में फिलहाल मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली में कहीं-कहीं बादल बरस सकते हैं। इन जिलों के 3200 मीटर या इससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है। मौसम में इस बदलाव का असर मुख्य रूप से ऊंचे हिमालयी क्षेत्रों में देखने को मिल सकता है।
दूसरी ओर, प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा। विभाग ने गुरुवार के लिए किसी भी जिले में विशेष मौसम चेतावनी जारी नहीं की है। ऐसे में फिलहाल प्रदेशभर में मौसम को लेकर किसी बड़े बदलाव की आशंका नहीं जताई गई है।
राजधानी देहरादून की बात करें तो यहां सुबह आसमान साफ रहने की संभावना है। हालांकि दिन चढ़ने के साथ दोपहर और शाम के समय बादलों की आवाजाही हो सकती है। मौसम विभाग ने देहरादून में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान लगाया है।


