मुख्यमंत्री धामी ने शिवराज सिंह चौहान की माताजी को दी श्रद्धांजलि, शोकाकुल परिवार से की मुलाकात
भोपाल। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान के आवास पहुंचकर उनकी दिवंगत माताजी स्वर्गीय काशी बाई को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और संस्कार जीवन की अमूल्य धरोहर होते हैं। माता का निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।इस अवसर पर भाजपा के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी मौजूद रहे।


